मुनस्यारी/पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने विगत देर सायं मुनस्यारी स्थित नंदा देवी मंदिर में दर्शन कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र के विकास की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुनस्यारी का औचक निरीक्षण किया, जहां अस्पताल की व्यवस्थाओं में कई खामियां सामने आईं।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को मिल रही सुविधाओं, वार्ड व्यवस्था, साफ-सफाई, बेड एवं उपकरणों का जायजा लिया। अस्पताल परिसर और वार्डों में सफाई की स्थिति संतोषजनक न मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि अस्पताल में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा वार्ड, शौचालय और अन्य स्थानों को स्वच्छ रखा जाए, ताकि मरीजों और उनके तीमारदारों को बेहतर वातावरण मिल सके। उन्होंने बेडशीटों की स्थिति पर भी नाराजगी जताई और सभी बेडशीट तुरंत बदलने के निर्देश दिए। साथ ही पर्याप्त संख्या में अतिरिक्त बेडशीट और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान मरीजों के लिए संचालित “खुशियों की सवारी” वाहन बंद मिलने पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वाहन को शीघ्र ठीक कराकर दोबारा शुरू किया जाए, ताकि मरीजों, खासकर गर्भवती महिलाओं को समय पर परिवहन सुविधा मिल सके।
इसके अलावा डीएम ने अस्पताल में नए कंबल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौसम के अनुरूप मरीजों को पर्याप्त कंबल, साफ बिस्तर और सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
डीएम ने चिकित्सा अधिकारियों को अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार लाने और नियमित निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
