पिथौरागढ़ में ‘दिशा’ बैठक: योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष जोर

पिथौरागढ़। जनपद में केंद्र पोषित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समग्र विकास की समीक्षा के लिए जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने की।

बैठक में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने मंत्री का स्वागत करते हुए जनपद में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। मंत्री ने पिछली बैठक के निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ पहुंचाने के निर्देश दिए।

उन्होंने मडुवा और लाल धान जैसे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-3) के लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने और पेयजल योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से डॉक्टरों, नर्सों, दवाओं और सुविधाओं की स्थिति जानी और व्यवस्थाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए। वहीं शिक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्य शिक्षा अधिकारी से जानकारी लेते हुए शिक्षकों के नियमित प्रशिक्षण और गुणवत्ता सुधार पर जोर दिया।

स्वच्छता व्यवस्था के तहत सेप्टिक टैंक और खुले आउटलेट का सर्वे कर कार्ययोजना बनाने को कहा गया। विद्युत विभाग को शेष क्षेत्रों में शीघ्र बिजली पहुंचाने और कृषि व उद्यान विभाग को उपकरणों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को बद्री गाय और रेड सिंधी नस्ल के संवर्धन के लिए वैज्ञानिक पद्धति अपनाने को कहा गया।

सड़क कनेक्टिविटी की समीक्षा में भू-धंसाव वाले क्षेत्रों के स्थायी समाधान, वर्षाकाल से पहले सुरक्षात्मक कार्य और वैकल्पिक मार्गों के सर्वेक्षण पर जोर दिया गया। जल जीवन मिशन के कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी निरीक्षण के निर्देश दिए गए।

बैठक में विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति भी सामने रखी गई। पांखू–चौसाला–नीलणा मार्ग का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य मई 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। देवीछओना–जमतड़ी मार्ग पर मरम्मत कार्य जारी है, वहीं ऐंचोली–बजेटी मार्ग का मामला न्यायालय में लंबित है।

मंत्री ने निर्माण कार्यों में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ठेकेदारों की सूची तैयार कर उनकी जवाबदेही तय करने को कहा।

बैठक के अंत में आदि कैलाश यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने इसे जनपद के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार और मजबूत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, दर्जा राज्यमंत्री गणेश भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, नगर निगम मेयर कल्पना देवलाल, ब्लॉक प्रमुख कनालीछीना महिमन कन्याल, ब्लॉक प्रमुख मुनस्यारी डॉ. कविता जगत महर, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।