पासपोर्ट सेवा केंद्र जल्द होगा शुरू, एनआईसी भवन के नवीनीकरण से डिजिटल सेवाओं को मिलेगी रफ्तार

पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने आज  कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित पोस्ट ऑफिस के नए कार्यालय एवं पासपोर्ट कार्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पासपोर्ट सेवाओं के लिए पृथक एवं आधुनिक कार्यालय तैयार कर लिया गया है तथा सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई हैं। जल्द ही यह कार्यालय आमजन के लिए संचालित किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं। उन्होंने साफ-सफाई, व्यवस्थित प्रतीक्षालय, पर्याप्त पार्किंग एवं दिव्यांगजन के लिए सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए भवन के शुरू होने से पासपोर्ट सेवाएं अधिक सुव्यवस्थित, पारदर्शी और जनसुलभ बनेंगी।

इसी क्रम में जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) भवन के नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी/उप निदेशक गौरव कुमार, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मोहित साह, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर दिनेश वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

लोकार्पण के बाद जिलाधिकारी ने एनआईसी कार्यालय का निरीक्षण कर वहां संचालित विभिन्न तकनीकी व्यवस्थाओं और डिजिटल सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने कंप्यूटर नेटवर्क, सर्वर कक्ष, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, ई-ऑफिस संचालन एवं जनसेवा से संबंधित ऑनलाइन सेवाओं का अवलोकन किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि एनआईसी जनपद में ई-गवर्नेंस सेवाओं के सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके माध्यम से विभिन्न विभागों के कार्यों में पारदर्शिता, गति और दक्षता आई है। उन्होंने कहा कि भवन के नवीनीकरण से कार्मिकों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और तकनीकी सेवाओं के संचालन को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि जनहित से जुड़ी डिजिटल सेवाओं को और अधिक प्रभावी और सरल बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं। इस दौरान अधिकारियों ने एनआईसी द्वारा संचालित विभिन्न परियोजनाओं और पोर्टलों की भी जानकारी दी।