पिथौरागढ़ के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, 71.73 करोड़ की जिला योजना पर लगी मुहर

पिथौरागढ़। सीमांत जनपद के समग्र विकास को धार देने के लिए वर्ष 2026-27 के रोडमैप को अंतिम रूप दे दिया गया है। प्रभारी मंत्री रेखा आर्या की अध्यक्षता में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में कुल ₹7173.70 लाख के बजट का अनुमोदन किया गया। इस वर्ष की योजना में पारंपरिक निर्माण कार्यों के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए आजीविका संवर्धन और स्वरोजगार को शीर्ष प्राथमिकता पर रखा गया है।
विकास भवन में आयोजित बैठक में बजट का विवरण देते हुए प्रभारी मंत्री ने बताया कि कुल प्रस्तावित परिव्यय में सामान्य मद के लिए ₹5035.60 लाख, अनुसूचित जाति उपयोजना (SCSP) के तहत ₹1712.40 लाख तथा जनजातीय उपयोजना (TSP) के लिए ₹425.70 लाख का प्रावधान किया गया है। बैठक शुरू होने से पूर्व प्रभारी मंत्री को पुलिस टुकड़ी द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी गई, जिसके पश्चात जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने उन्हें बुके भेंट कर स्वागत किया।
इस बार जिला योजना के भीतर कृषि, उद्यान, पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों के बजट में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। सरकार का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करना है। योजना के प्रमुख आकर्षणों में ग्राम पंचायतों में फसलों की सुरक्षा के लिए चेन लिंक फेंसिंग, महिला स्वयं सहायता समूहों का सशक्तिकरण, पशुपालकों के लिए बकरी पालन व कुक्कुट पालन सहायता शामिल हैं। साथ ही लोक निर्माण विभाग के माध्यम से नई सड़कों व पुलों के निर्माण और पुराने मार्गों के सुधारीकरण पर भी बड़ा बजट खर्च किया जाएगा। इसके अतिरिक्त नई पेयजल योजनाओं और पर्यटन व सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को भी विशेष स्थान दिया गया है।
पूरी योजना को भौतिक, सामाजिक और आजीविका जैसे प्रमुख क्षेत्रों में संतुलित रूप से विभाजित किया गया है। भौतिक क्षेत्र में सड़क, पेयजल और सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान केंद्रित है, जबकि सामाजिक क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल को प्राथमिकता दी गई है। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिला महिला अस्पताल में लिफ्ट स्थापना का कार्य इसी वर्ष पूर्ण कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को क्लस्टर आधारित दृष्टिकोण से लागू किया जाए और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के साथ समन्वय स्थापित कर अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाया जाए। उन्होंने पुराने और अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा बजट का पूर्ण पारदर्शिता के साथ जनहित में उपयोग सुनिश्चित करने की बात कही।
बैठक में विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, विधायक गंगोलीहाट फकीर राम टम्टा, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष जीतेन्द्र कुमार, महापौर कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष भटगांई, सीडीओ डॉ. दीपक सैनी सहित सभी ब्लॉक प्रमुख और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।