480 दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों को मिले सहायक उपकरण, 71 के बने दिव्यांगता प्रमाण-पत्र

DTN बागेश्वर। दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को अधिक सुगम, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से नुमाइश मैदान में समाज कल्याण विभाग और कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए गए।

शिविर के दौरान कुल 480 लाभार्थियों को व्हीलचेयर, ट्राईसाइकिल, श्रवण यंत्र (कान की मशीन), बैसाखी, छड़ी, कमर एवं घुटने की बेल्ट, दृष्टि संबंधी चश्मे सहित अन्य जीवनोपयोगी सहायक उपकरण प्रदान किए गए। इसके अलावा 71 व्यक्तियों के दिव्यांगता प्रमाण-पत्र भी बनाए गए, जिससे उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं तथा उन्हें सम्मानपूर्वक और आत्मनिर्भर जीवन जीने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने लाभार्थियों से उपलब्ध कराए गए उपकरणों का समुचित उपयोग कर अपने दैनिक जीवन को अधिक सहज बनाने का आह्वान किया।

वितरण शिविर में उत्तराखंड सरकार में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री भूपेश उपाध्याय, विधायक बागेश्वर पार्वती दास, विधायक कपकोट सुरेश गढ़िया, जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे, वरिष्ठ नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष नवीन चंद्र वर्मा, अनुश्रवण समिति की अध्यक्ष चम्पा आर्या, पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल, नैना लोहुमी, दिलीप खेतवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।