DTN पिथौरागढ़। जनपद में आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान शीघ्र एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने अग्निशमन विभाग को विभिन्न आधुनिक रेस्क्यू उपकरण उपलब्ध कराए हैं। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देशों पर की गई इस पहल से फायर ब्रिगेड की कार्यक्षमता और आपदा प्रबंधन तंत्र को नई मजबूती मिलेगी।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने अग्निशमन विभाग को ऐसे आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जिनका उपयोग दुर्घटना, आगजनी, प्राकृतिक आपदाओं तथा अन्य आपात स्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों के दौरान किया जाएगा। इन उपकरणों की सहायता से बचाव अभियान को अधिक तेज, सुरक्षित और प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा।
जिला प्रशासन का मानना है कि आधुनिक संसाधनों से लैस होने के बाद फायर सर्विस कर्मी किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में अधिक दक्षता और तत्परता के साथ कार्य कर सकेंगे। साथ ही बचाव कार्यों के दौरान कर्मियों की सुरक्षा भी बेहतर ढंग से सुनिश्चित हो सकेगी।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि जनसुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक संसाधन लगातार उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।
उन्होंने कहा कि आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित फायर ब्रिगेड टीम अब आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में अधिक प्रभावशीलता के साथ राहत एवं बचाव कार्यों का संचालन कर सकेगी। जिला प्रशासन की इस पहल को जनपद की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
