मुख्यमंत्री ने छात्राओं संग सुनी ‘मन की बात’, कहा- प्रेरणादायक कहानियां बदल रही हैं देश की सोच

DTN देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 134वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक सशक्त मंच बन चुका है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव की भावना को मजबूत कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों की प्रेरणादायक कहानियां साझा कर देशभर के नागरिकों को जनहित और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं। आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर दिए जा रहे संदेश समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बन रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी अनेक लोग अपने कार्यों से समाज में बदलाव ला रहे हैं। राज्य सरकार ऐसे लोगों को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि ‘मन की बात’ के ताजा संस्करण में प्रधानमंत्री ने भीषण गर्मी के दौरान स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने तथा देशी एवं पारंपरिक पेयों को बढ़ावा देने का संदेश दिया। साथ ही आम सहित भारतीय फलों की विशेषताओं का भी उल्लेख किया।

छात्राओं से किया संवाद

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने छात्रावास की छात्राओं से संवाद कर ‘मन की बात’ कार्यक्रम के संबंध में उनकी प्रतिक्रिया जानी। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य रुचिकर गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास बड़े बदलावों का आधार बनते हैं। अच्छे कार्य न केवल व्यक्ति को आगे बढ़ाते हैं, बल्कि अन्य लोगों को भी प्रेरित करते हैं। निष्ठा और समर्पण के साथ किया गया कार्य समाज में सकारात्मक वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस अवसर पर विधायक महंत दलीप सिंह रावत भी उपस्थित रहे।