DTN चम्पावत। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत सिद्ध नरसिंह मंदिर कालूखाल के सौंदर्यीकरण कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 40 लाख रुपये की अवशेष धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। धनराशि स्वीकृत होने से परियोजना के शेष कार्यों को पूरा करने का रास्ता साफ हो गया है।

मुख्यमंत्री घोषणा संख्या-323/2023 के अंतर्गत सिद्ध नरसिंह मंदिर कालूखाल के सौंदर्यीकरण कार्य के लिए कुल एक करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसमें वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रथम किश्त के रूप में 60 लाख रुपये जारी किए जा चुके थे। अब शेष 40 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने से मंदिर परिसर के विकास कार्यों को गति मिलेगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि परियोजना के तहत मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं का विकास तथा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं विकसित की जाएंगी। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान भी मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि स्वीकृत धनराशि का उपयोग निर्धारित मानकों और स्वीकृत आगणन के अनुरूप किया जाएगा। सभी कार्य वित्तीय एवं तकनीकी नियमों का पालन करते हुए उत्तराखण्ड अधिप्राप्ति नियमावली के प्रावधानों के अनुसार संपादित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में “आदर्श चम्पावत” की अवधारणा को साकार करने के लिए जनपद के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन महत्व के स्थलों का सुनियोजित विकास किया जा रहा है। सिद्ध नरसिंह मंदिर कालूखाल का सौंदर्यीकरण श्रद्धालुओं की सुविधाओं में वृद्धि करने के साथ-साथ क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी नई दिशा देगा।
