पिथौरागढ़। सीमांत क्षेत्र मुनस्यारी में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि वाहन चालक घायल हो गया। मुनस्यारी-मिलम मोटर मार्ग पर एक पिकअप वाहन करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरकर गोरी नदी के किनारे जा पहुंचा। दुर्घटना के बाद चालक वाहन से बाहर छिटक गया, जिससे उसकी जान बच गई।

जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब पांच बजे एक पिकअप वाहन लास्पा गांव से मुनस्यारी की ओर आ रहा था। रड़गाड़ी के पास पहुंचने पर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना स्थल अत्यंत दुर्गम और खड़ी चट्टानों वाला क्षेत्र है। वाहन खाई में गिरने के बाद कई चट्टानों से टकराता हुआ गोरी नदी के किनारे जा पहुंचा, जिससे उसके परखच्चे उड़ गए।
वाहन में चालक सहित तीन लोग सवार थे। चालक जगत मेहता निवासी तेजम वाहन से बाहर छिटक गया और घायल हो गया। वहीं वाहन में सवार मनेंद्र राम (30) निवासी धारचूला तथा प्रकाश (28) मूल निवासी नेपाल की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के शव चट्टानों के बीच फंसे हुए मिले।
दुर्घटना वाले क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण सूचना मिलने में देरी हुई। शाम करीब 5:15 बजे सबसे पहले भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) को हादसे की जानकारी मिली। इसके बाद तहसील प्रशासन और पुलिस को सूचित किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही आईटीबीपी, एसडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दुर्गम भू-भाग, खड़ी चट्टानों और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा।
करीब आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से शवों को मुनस्यारी भेजा गया। पुलिस के अनुसार दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
