धामी सरकार ने दी 213 करोड़ की सौगात, कुंभ-2027, नंदा राजजात और सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी

DTN देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ मेला-2027, नंदा देवी राजजात यात्रा, सड़क निर्माण, पेयजल योजनाओं, सार्वजनिक सुविधाओं तथा किसानों की आर्थिकी को मजबूत करने के लिए कुल 213 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न योजनाओं को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इससे प्रदेश के कई जिलों में आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली नंदा देवी राजजात यात्रा के तहत जनपद चमोली में नलगांव-भटियाणा मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए 8.68 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। वहीं कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत पुलिस व्यवस्थाओं के लिए 35 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।

प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सड़क निर्माण और सुदृढ़ीकरण कार्यों के लिए भी करोड़ों रुपये की स्वीकृति दी गई है। इनमें रुद्रपुर के बिंदुखेड़ा-रायपुर मोटर मार्ग का पुनर्निर्माण, देहरादून में रिस्पना पुल से धर्मपुर चौक तक प्रस्तावित तीन लेन एलिवेटेड कॉरिडोर, जागेश्वर क्षेत्र में शहीद लांस नायक दिनेश सिंह मोटर मार्ग तथा रुद्रप्रयाग के ऊखीमठ क्षेत्र में ताला-बंगराली मोटर मार्ग के सुधारीकरण कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास के लिए भी कई योजनाओं को मंजूरी दी है। सल्ट क्षेत्र में कुलान्टेश्वर महादेव मेला स्थल के सौंदर्यीकरण, चम्पावत में महिला प्रौद्योगिकी पार्क की स्थापना तथा धारचूला क्षेत्र के ग्राम बौन में मंदिर सौंदर्यीकरण और मुख्य प्रवेश द्वार निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है।

पेयजल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए रुद्रप्रयाग की अगस्त्यमुनि नगर पंचायत की छेनागाड़ पेयजल योजना हेतु 55.22 करोड़ रुपये तथा देहरादून के गंगोत्री विहार क्षेत्र में नलकूप खनन एवं संबंधित कार्यों के लिए 2.22 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

इसके अलावा बागेश्वर, अल्मोड़ा और हरिद्वार जनपदों में सड़क, घाट, मंदिर एवं श्मशान घाट विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं को भी स्वीकृति मिली है। किसानों को राहत देने के लिए फसल ऋण एवं वाणिज्यिक फसलों से संबंधित मद में 81.47 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

वहीं सितारगंज क्षेत्र में ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण एवं पुनर्निर्माण के लिए भी करीब 2.68 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही अल्मोड़ा जनपद के सोमेश्वर क्षेत्र स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय धौलरा का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय विद्याधर वैष्णव के नाम पर रखने के प्रस्ताव को भी मुख्यमंत्री ने मंजूरी दे दी है।

सरकार का कहना है कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई दिशा मिलेगी।