मां के प्रेमी ने 16 वर्षीय बेटी को उतारा मौत के घाट, सूटकेस में भरकर जंगल में जला दिया शव

DTN नवांशहर (पंजाब)। पंजाब के नवांशहर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक 23 वर्षीय युवक ने अपनी प्रेमिका की 16 वर्षीय बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को सूटकेस में बंद किया, मोटरसाइकिल पर लादा और जंगल में ले जाकर पेट्रोल डालकर जला दिया, ताकि पहचान और सबूत दोनों मिटाए जा सकें।

पुलिस के मुताबिक, 2 जून को जादली गांव निवासी ऊषा रानी ने अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि उसकी बेटी 29 मई से घर से गायब है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और जल्द ही शक की सुई महिला के करीबी परिचित गुरविंदर सिंह उर्फ गोपा पर जाकर टिक गई।

मां के रिश्ते का करती थी विरोध

जांच में सामने आया कि ऊषा रानी और उसके पति के बीच अलगाव हो चुका था। इसके बाद महिला के गांव के ही रहने वाले गुरविंदर सिंह से संबंध बन गए थे। आरोपी का महिला के घर आना-जाना लगा रहता था। बताया जा रहा है कि 16 वर्षीय लड़की अपनी मां और गुरविंदर के रिश्ते का लगातार विरोध करती थी, जिस कारण घर में अक्सर विवाद होता था।

पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश के चलते आरोपी ने लड़की को रास्ते से हटाने की साजिश रची। 29 मई को जब लड़की की मां घर पर नहीं थी, तब गुरविंदर घर पहुंचा और नाबालिग का गला घोंटकर हत्या कर दी।

सूटकेस में भरकर ले गया जंगल

हत्या के बाद आरोपी ने शव को एक बड़े सूटकेस में बंद किया और मोटरसाइकिल पर रखकर गढ़शंकर क्षेत्र के खुरालगढ़ जंगल पहुंच गया। वहां उसने शव पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आरोपी को उम्मीद थी कि शव पूरी तरह जल जाएगा और पुलिस तक कोई सुराग नहीं पहुंचेगा।

सीसीटीवी फुटेज बना सबसे बड़ा सबूत

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने इलाके के कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में गुरविंदर सिंह मोटरसाइकिल पर बड़ा सूटकेस ले जाते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह ज्यादा देर तक सच छिपा नहीं सका और अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खुरालगढ़ के जंगलों से जले हुए कंकाल और अस्थियों के अवशेष बरामद कर लिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अदालत ने उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, जहां उससे आगे की पूछताछ जारी है।

पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल

इस खौफनाक हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। महज 16 साल की लड़की की हत्या और फिर शव को जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वारदात की जानकारी किसी और को तो नहीं थी और क्या आरोपी को किसी प्रकार की मदद मिली थी।