DTN पिथौरागढ़। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 12.80 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की गई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ के निर्देशन में प्रभारी एसओजी नीरज भाकुनी के नेतृत्व में एसओजी टीम पिथौरागढ़-सुकौली रोड क्षेत्र में सघन चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़कर जाने का प्रयास करने लगा। उसके व्यवहार पर संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके पास से 12.80 ग्राम (पन्नी सहित) अवैध हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान ललित निवासी बजेठी, पिथौरागढ़ के रूप में हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा 8/21 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। साथ ही उससे नशीले पदार्थ की खरीद-फरोख्त और इसके स्रोत के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार, अपर उपनिरीक्षक दीपक खनका, कांस्टेबल गोविन्द रौतेला, कांस्टेबल वीरेंद्र यादव तथा चालक कांस्टेबल सोनू कार्की शामिल रहे।
