DTN वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय नर्सिंग छात्रा का शव बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। छात्रा का शव खून से लथपथ हालत में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। मामले में मृतका के एक सीनियर छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गाजीपुर निवासी छात्रा वाराणसी में रहकर एएनएम की पढ़ाई कर रही थी। बुधवार सुबह वह कॉलेज जाने के लिए अपने कमरे से निकली थी, लेकिन दोपहर में सारनाथ क्षेत्र के तिलमापुर स्थित एक अपार्टमेंट की सीढ़ियों पर उसका शव मिलने की सूचना मिली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस को मौके से छात्रा का बैग मिला है। बैग की तलाशी में गर्भपात और अत्यधिक रक्तस्राव रोकने से संबंधित दवाइयां बरामद हुई हैं। हालांकि छात्रा का मोबाइल फोन मौके से नहीं मिला, जिससे मामले की जांच और भी अहम हो गई है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवाइयों के सेवन से छात्रा की तबीयत बिगड़ गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। पुलिस के अनुसार, छात्रा के संपर्क में रहने वाला एक सीनियर छात्र घटना के बाद मौके से फरार हो गया था। देर रात पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। साथ ही छात्रा के मोबाइल फोन की तलाश और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच भी की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। दवाइयां कहां से लाई गईं, किसने उपलब्ध कराईं और घटना से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, इन सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।
