DTN पिथौरागढ़। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) मंडल कार्यालय हल्द्वानी की ओर से आज पिथौरागढ़ में मेगा ऋण जागरूकता एवं ऋण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैंक की विभिन्न ऋण एवं जमा योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं तथा अन्य बैंकिंग उत्पादों की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पीएनबी देहरादून अंचल के अंचल प्रमुख अनुपम ने की। वहीं, मंडल प्रमुख सिद्धार्थ अधिकारी ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित ग्राहकों का स्वागत करते हुए बैंक की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर अंचल प्रमुख अनुपम तथा मंडल प्रमुख सिद्धार्थ अधिकारी ने विभिन्न लाभार्थियों को लगभग 20 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए। साथ ही कार्यक्रम के दौरान बैंक को 50 करोड़ रुपये से अधिक के संभावित व्यावसायिक प्रस्ताव भी प्राप्त हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्राहकों ने भाग लिया और बैंकिंग योजनाओं के प्रति उत्साह दिखाया।
अंचल प्रमुख अनुपम ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य क्षेत्र में ऋण विस्तार को बढ़ावा देना, लोगों को बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देना तथा ग्राहकों और बैंक के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि पीएनबी ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मंडल प्रमुख सिद्धार्थ अधिकारी ने कहा कि हल्द्वानी मंडल कार्यालय का कार्यक्षेत्र पूरे उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल तक फैला हुआ है। इसके अंतर्गत पर्यटन, होमस्टे, लघु एवं मध्यम उद्योगों सहित विभिन्न सेवा क्षेत्रों को बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बैंक का लक्ष्य नवीन बैंकिंग उत्पादों और योजनाओं के माध्यम से ग्राहकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करना है।
कार्यक्रम में मुख्य प्रबंधक रोहित जुनेजा, पीएलपी प्रमुख इशांक वीर, विभिन्न शाखाओं के प्रभारी, बैंक अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्राहक उपस्थित रहे।
