यूके में हिरासत में कैप्टन अजय पंत से भारतीय उच्चायोग का संपर्क, 16 जुलाई को होगी अगली सुनवाई

DTN देहरादून। यूनाइटेड किंगडम में न्यायिक हिरासत में रखे गए उत्तराखंड निवासी कैप्टन अजय पंत के मामले में भारतीय उच्चायोग लगातार सक्रिय बना हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों के क्रम में लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने मामले की ताजा स्थिति से राज्य सरकार को अवगत कराया है।

उच्चायोग द्वारा मुख्यमंत्री को भेजी गई जानकारी के अनुसार कैप्टन अजय पंत वर्तमान में एचएमपी विनचेस्टर जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। 19 जून को भारतीय उच्चायोग ने जेल की टेलीफोन व्यवस्था के माध्यम से उनसे संपर्क स्थापित किया था।

बातचीत के दौरान कैप्टन पंत ने स्वयं को स्वस्थ बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें जेल प्रशासन की ओर से आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही वह अपनी पत्नी के साथ नियमित रूप से संपर्क में हैं।

उच्चायोग ने बताया कि मामले को यूनाइटेड किंगडम के विदेश, राष्ट्रमंडल एवं विकास कार्यालय (एफसीडीओ) के समक्ष भी उठाया गया है। इसका उद्देश्य कैप्टन पंत को समयबद्ध कांसुलर सहायता उपलब्ध कराना तथा उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और कानूनी अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित करना है।

भारतीय उच्चायोग कैप्टन पंत की पत्नी, उनके नियोक्ता एनर्जियोस मैरीटाइम प्राइवेट लिमिटेड, कानूनी प्रतिनिधियों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ भी लगातार संपर्क बनाए हुए है। कंपनी ने उन्हें कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और परिवार को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है।

उच्चायोग के अनुसार न्यायालय में पेशी के बाद कैप्टन पंत को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। मामले की अगली सुनवाई 16 जुलाई 2026 को निर्धारित की गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार अपने नागरिकों के हितों और सुरक्षा के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि इस मामले में भारत सरकार, विदेश मंत्रालय और भारतीय उच्चायोग के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी संबंधित एजेंसियां समन्वित रूप से कार्य करते हुए कैप्टन अजय पंत को आवश्यक सहायता और सहयोग उपलब्ध कराएंगी।