हरेला पर्व पर चंडाक में होगा मुख्य कार्यक्रम, तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा

DTN पिथौरागढ़। आगामी 16 जुलाई को आयोजित होने वाले हरेला पर्व एवं वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों को लेकर आज जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष सिंह ने बताया कि वर्ष 2026 के लिए जनपद में 1.25 लाख पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए वन विभाग के पास लक्ष्य से तीन गुना से अधिक पौधे उपलब्ध हैं। मुख्य हरेला कार्यक्रम चंडाक में आयोजित होगा, जबकि सभी विकासखंडों, शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों, नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में भी बड़े स्तर पर पौधरोपण कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को वृक्षारोपण स्थलों का शीघ्र चयन कर जियो-टैगिंग कराने, गड्ढों की खुदाई, पौधों की उपलब्धता, सिंचाई, परिवहन और संरक्षण की व्यवस्था समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ पौधों का संरक्षण भी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रत्येक ग्राम पंचायत में पर्याप्त संख्या में पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि हरेला पर्व जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जा सके। बैठक में विभागवार जिम्मेदारियां भी तय की गईं।