शहीदों को नमन कर मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस, वीर माताओं और ग्रामीणों का सम्मान

DTN चम्पावत। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमा और देशभक्ति के साथ मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के जयघोष से गूंज उठा। जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों और वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके बलिदान को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा बताया।

इस अवसर पर शहीद परिवारों की वीर माताओं और वीर नारियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इनमें शहीद राहुल रंसवाल, सिपाही जगत सिंह, सिपाही विक्रम सिंह और सिपाही ज्वाला दत्त के परिजन शामिल रहे।

संकट की घड़ी में साहस और मानवता का परिचय देने वाले ग्रामीणों व युवाओं को भी सम्मानित किया गया। खाई में उतरकर रास्ता बनाने, घायलों को बाहर निकालने और अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करने वाले रुकमणी जोशी, जानकी देवी, राकेश जोशी, सूरज जोशी, जोगा दत्त भट्ट, भुवन चन्द्र जोशी समेत अन्य ग्रामीणों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से जनता के हित में कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण बताई। कार्यक्रम में जीजीआईसी की छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। इस दौरान सभी ने ड्रग फ्री देवभूमि के संकल्प के तहत नशामुक्ति की शपथ भी ली।