DTN चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी के साथ सर्किट हाउस का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, फाइनल फिनिशिंग, फर्नीचर समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को शेष कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सर्किट हाउस के अधिकांश निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं। फाइनल फिनिशिंग और अन्य शेष कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता के साथ परिसर में उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सर्किट हाउस के समीप बने हेलीपैड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने हेलीपैड से सर्किट हाउस तक पहुंच मार्ग, आसपास की व्यवस्थाओं और सुरक्षा व सुविधा से जुड़े बिंदुओं का जायजा लिया। हेलीपैड के आसपास बारिश से हुए मिट्टी के कटाव का निरीक्षण करते हुए उन्होंने इसके सुधारीकरण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि सर्किट हाउस का निर्माण स्थानीय सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए पारंपरिक कुमाऊंनी स्थापत्य शैली में किया गया है। भवन में स्थानीय वास्तुकला के साथ प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यावरणीय संतुलन का भी ध्यान रखा गया है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत करेगा।
उन्होंने कहा कि सर्किट हाउस बनने से राज्य स्तरीय अतिथियों, अधिकारियों और विशिष्ट आगंतुकों के लिए बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे प्रशासनिक एवं शासकीय गतिविधियों के संचालन में सुविधा मिलने के साथ जिले में पर्यटन और विकास गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
