DTN देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास में स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां पूरे प्रदेश के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय हैं तथा राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

सम्मानित होने वालों में पैरा एथलीट एवं रजत पदक विजेता शुभम जुयाल (रुड़की), जूडो में कांस्य पदक विजेता उन्नति शर्मा (देहरादून), शुभम जुयाल के कोच राकेश सिंह रावत (पौड़ी), उन्नति शर्मा के प्रशिक्षक सतीश चन्द्र शर्मा व पुनेश कुमार सिंह तथा भारतीय बॉक्सिंग टीम के प्रशिक्षक खीमानन्द बेलवाल (हल्द्वानी) शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता के पीछे प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन, परिवार का सहयोग और वर्षों का कठिन परिश्रम होता है। इसलिए खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षकों का सम्मान भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल करने के उद्देश्य से आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित की जा रही है। जिला और ब्लॉक स्तर पर खेल सुविधाओं का विस्तार, खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, उपकरण, पोषण और प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल नीति को और अधिक प्रभावी बनाया गया है। अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि, सरकारी सेवाओं में अवसर, छात्रवृत्ति और विशेष प्रशिक्षण सुविधाएं दी जा रही हैं। महिला, दिव्यांग और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 के पदक विजेता खिलाड़ी और उनके प्रशिक्षक प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे तथा भविष्य में उत्तराखंड खेलों में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा तथा खेल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
