DTN चम्पावत। चम्पावत वन प्रभाग को नया प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) मिल गया है। वर्ष 2024 बैच के भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारी धेनु पुरुषोत्तम को चम्पावत वन प्रभाग का 19वां डीएफओ नियुक्त किया गया है। डीएफओ के रूप में यह उनकी पहली तैनाती होगी। वह शीघ्र ही अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।

केरल मूल के धेनु पुरुषोत्तम के पदभार संभालने के साथ ही लंबे समय से स्थायी डीएफओ का इंतजार कर रहे चम्पावत वन प्रभाग को नियमित नेतृत्व मिलेगा। इससे वन संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन, विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि सितंबर 2025 में तत्कालीन डीएफओ नवीन चंद्र पंत के सेवानिवृत्त होने के बाद से यह पद रिक्त था। इस दौरान पिथौरागढ़ के डीएफओ आशुतोष सिंह अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। उनके उत्तरकाशी के पुरोला वन प्रभाग में स्थानांतरण के बाद अब धेनु पुरुषोत्तम को चम्पावत की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
स्थायी डीएफओ की नियुक्ति से वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ ही जनपदवासियों में भी उत्साह है। उम्मीद की जा रही है कि उनके नेतृत्व में मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम, पर्यावरण संरक्षण तथा जनसहभागिता आधारित योजनाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।
