23 अगस्त से शुरू होगा देवीधुरा का ऐतिहासिक बगवाल मेला, 28 को खेली जाएगी विश्व प्रसिद्ध बगवाल

DTN चंपावत। माँ वाराही शक्तिपीठ देवीधुरा में ऐतिहासिक असाड़ी कौतिक रक्षाबंधन बगवाल मेला-2026 का आयोजन 23 अगस्त से चार सितंबर तक होगा। मेले का औपचारिक उद्घाटन 23 अगस्त को सुबह 11 बजे किया जाएगा। मेले को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को देखते हुए पेयजल, विद्युत, सफाई, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा है। स्वास्थ्य विभाग को मेले में 24 घंटे मेडिकल टीम और एंबुलेंस तैनात रखने तथा जल संस्थान को निर्बाध स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

मेले का मुख्य आकर्षण विश्व प्रसिद्ध पारंपरिक बगवाल 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन खेली जाएगी। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और मेला प्रशासन को सुरक्षा, कानून व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। मेला क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा बल और सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी जोर दिया गया है।

धार्मिक परंपराओं के अनुसार 23 अगस्त को सांगी पूजन, 28 अगस्त को बगवाल पूजन, 29 अगस्त को डोले का पूजन एवं परिक्रमा होगी। चार सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य झांकी निकाली जाएगी। इसके अलावा 25 अगस्त को बहुउद्देश्यीय शिविर, 30 अगस्त को नेत्र शिविर और 31 अगस्त को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से शांति और सौहार्द के साथ मेले में शामिल होने की अपील की है।