DTN बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने आज खोली में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आईसीयू, क्रिटिकल केयर वार्ड, एक्स-रे कक्ष, ब्लड बैंक, फायर फाइटिंग सिस्टम, प्लास्टर सहित विभिन्न निर्माणाधीन हिस्सों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की डेट-वाइज प्रगति और वास्तविक पूर्णता तिथि का आकलन कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी, लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने उपजिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को नियमित निरीक्षण कर निर्माण कार्य की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने क्रिटिकल केयर ब्लॉक में बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
