शक, इश्क और फिर कत्ल… होटल के कमरे में प्रेमिका को मौत के घाट उतार प्रेमी ने निगला जहर

लाहौरी गेट में शादीशुदा प्रेमी-प्रेमिका के बीच आधी रात हुआ विवाद बना हत्या की वजह, चाकू से किए कई वार; आरोपी अस्पताल के ICU में भर्ती

DTN नई दिल्ली। मध्य दिल्ली के लाहौरी गेट इलाके में एक होटल के कमरे में आज सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब कमरा नंबर 204 का दरवाजा खोलने पर अंदर एक महिला का खून से लथपथ शव मिला। कमरे में ही उसका प्रेमी भी अचेत अवस्था में पड़ा था। पुलिस के अनुसार, दोनों शादीशुदा थे और पिछले करीब छह महीने से अपने परिवार से अलग रहकर साथ रह रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच रात में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी ने चाकू से महिला पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी और फिर खुद भी जहरीला पदार्थ निगल लिया।

पुलिस के मुताबिक, दोनों बुधवार शाम करीब सात बजे होटल पहुंचे थे। गुरुवार सुबह काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं हुई और दोनों के फोन का भी जवाब नहीं मिला तो होटल कर्मचारियों को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा खोलने पर 28 वर्षीय महिला फर्श पर मृत अवस्था में मिली, जबकि 32 वर्षीय व्यक्ति बिस्तर पर अचेत पड़ा था। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

जांच में पता चला है कि दोनों पहले से शादीशुदा थे और अपने-अपने जीवनसाथी व बच्चों से अलग होकर साथ रह रहे थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला हाल में अपने पति के पास वापस लौटने की बात कर रही थी। इसी को लेकर दोनों के बीच बुधवार रात कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपने बैग से चाकू निकाल लिया और महिला के गले व सीने पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद आरोपी ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। पुलिस ने उसे गंभीर हालत में लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल (LNJP) पहुंचाया, जहां उसे ICU में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची एफएसएल और क्राइम टीम ने कमरे से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू और जहरीले पदार्थ का खाली पैकेट भी बरामद किया है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी के होश में आने के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर वारदात की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट करेगी।