युवाओं को नशे की लत लगाने वाला चरस तस्कर गिरफ्तार, इंस्टाग्राम पर करता था प्रचार

DTN मुनस्यारी। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एसओजी पिथौरागढ़ और कोतवाली मुनस्यारी की संयुक्त टीम ने 206 ग्राम चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से बरामद चरस पन्नी सहित 206 ग्राम बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने सीज कर दिया।

पुलिस के अनुसार, टीम धापा बैंड के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार पुलिस टीम को देखकर अचानक बाइक मोड़कर भागने लगा। शक होने पर पुलिस और एसओजी टीम ने पीछा कर उसे रोक लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से चरस बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान जीवन सिंह (25) निवासी ग्राम गोल्फा, मुनस्यारी के रूप में हुई है। उसके खिलाफ कोतवाली मुनस्यारी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

इंस्टाग्राम पर डालता था चरस की फोटो-वीडियो

पूछताछ में पुलिस के अनुसार यह बात सामने आई कि आरोपित इंस्टाग्राम पर चरस की फोटो और वीडियो प्रसारित कर युवाओं को नशे के सेवन के लिए उकसाता था। एसओजी प्रभारी निरीक्षक नीरज भाकुनी के नेतृत्व में टीम उसकी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसके बाद पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान उसे दबोच लिया।

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मुनस्यारी उपनिरीक्षक योगेश कुमार, अपर उपनिरीक्षक दीपक खनका, कांस्टेबल गोविन्द रौतेला और कांस्टेबल बलवन्त सिंह शामिल रहे।