इमला गांव में भालू की चहलकदमी से दहशत, ड्रोन से हो रही निगरानी

DTN मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। मुनस्यारी क्षेत्र के इमला गांव में भालू की लगातार चहलकदमी और हलचल से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। भालू की मौजूदगी की सूचना मिलते ही वन विभाग मुनस्यारी की टीम सक्रिय हो गई है। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने विशेष टीम गठित कर संवेदनशील क्षेत्रों में दिन-रात सघन गश्त शुरू कर दी है। साथ ही ड्रोन कैमरों की मदद से जंगल और गांव के आसपास भालू की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

भालू की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की ओर से गांव में व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। वन कर्मी ग्रामीणों को अकेले जंगल की ओर नहीं जाने, शाम ढलने के बाद घरों में रहने तथा बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील कर रहे हैं।

ड्रोन से ट्रेस की जा रही लोकेशन

वन विभाग की टीम भालू की सटीक लोकेशन का पता लगाने के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल कर रही है। जंगल और गांव से सटे क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाकर भालू की गतिविधियों को ट्रेस किया जा रहा है। संवेदनशील इलाकों में वन कर्मियों की लगातार गश्त भी जारी है।

लाउडस्पीकर और सायरन से ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क

ग्रामीणों को भालू से बचाव के उपाय बताने के लिए लाउडस्पीकर और सायरन का इस्तेमाल किया जा रहा है। वन कर्मी ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें सावधानी बरतने के लिए जागरूक कर रहे हैं। लोगों से अकेले जंगल जाने से बचने और शाम के बाद अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है।

सुरक्षा को प्राथमिकता, टीम मुस्तैद

वन क्षेत्राधिकारी मुनस्यारी लवराज पांगती ने बताया कि ग्रामीणों की सुरक्षा वन विभाग की प्राथमिकता है। क्षेत्र में भालू की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और वन विभाग की टीम पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि भालू दिखाई देने पर घबराएं नहीं और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।