भारी बारिश का अलर्ट: पिथौरागढ़ -चंपावत, नैनीताल-अल्मोड़ा में कल स्कूल बंद, आंगनवाड़ी केंद्रों पर भी अवकाश

DTN पिथौरागढ़ /चंपावत/नैनीताल/अल्मोड़ा/। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून ने 07 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की चेतावनी जारी की है। मौसम के बिगड़ते मिजाज और संभावित आपदाओं को देखते हुए पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, चंपावत और नैनीताल में प्रशासन ने 07 सितंबर को स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। लगातार बारिश के कारण नदी-नालों और गधेरों में जलप्रवाह बढ़ने के साथ संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन, त्वरित बाढ़, बोल्डर गिरने और सड़क मार्ग बाधित होने जैसी घटनाओं का खतरा बना हुआ है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है।
पिथौरागढ़ में कक्षा एक से 12 तक सभी स्कूल बंद

पिथौरागढ़ में जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण आशीष कुमार भटगांई ने मौसम चेतावनी के मद्देनजर 07 सितंबर को कक्षा एक से 12वीं तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

अल्मोड़ा में भी स्कूलों पर रहेगा अवकाश

अल्मोड़ा में जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अंशुल सिंह ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30(2) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए 07 सितंबर को कक्षा एक से 12वीं तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

चंपावत में ऑनलाइन होगी पढ़ाई

चंपावत में जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मनीष कुमार ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत 07 सितंबर को जिले के सभी शासकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। सभी आंगनवाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए शिक्षण कार्य ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया जाएगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

नैनीताल में शिक्षक और स्टाफ भी रहेंगे अवकाश पर

नैनीताल में जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने कक्षा एक से 12वीं तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।

हालांकि, नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।

जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश में किसी प्रकार का विचलन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।