घाट बेण्ड पर शाम छह से सुबह छह बजे तक बंद रहेगा यातायात

पहाड़ी से लगातार गिर रहे पत्थर और बोल्डर, एनएच-09 का 200 मीटर हिस्सा संवेदनशील

DTN पिथौरागढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर घाट बेण्ड  (मुन्ना बेण्ड) के पास पहाड़ी से लगातार पत्थर, बोल्डर और मलबा गिरने के कारण प्रशासन ने रात्रिकालीन यातायात पर प्रतिबंध लगा दिया है। किमी 168.600 से किमी 168.800 के मध्य एचपी बेण्ड पर प्रतिदिन शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। यह प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और मार्ग की स्थिति सामान्य होने तक जारी रहेगा।

उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा ने बताया कि उक्त स्थान पर पहाड़ी बेहद संवेदनशील और कमजोर है। यहां दिन के साथ ही रात में भी पहाड़ी से पत्थर, बोल्डर और मलबा गिरने की घटनाएं हो रही हैं। इससे मार्ग पर आवागमन करने वाले वाहन चालकों और यात्रियों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है।

संबंधित कार्यदायी संस्था की मशीनों से लगातार मलबा हटाकर यातायात सुचारु और सुरक्षित रखने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बावजूद पहाड़ी से गिर रहे बोल्डर और मलबे के कारण स्थिति सामान्य नहीं हो पा रही है। इसे देखते हुए जनसुरक्षा के लिए रात के समय यातायात बंद करने का निर्णय लिया गया है।

एसडीएम ने प्रभारी यातायात को शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक इस मार्ग पर यातायात पूर्णतः प्रतिबंधित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों और आमजन से प्रतिबंधित अवधि में उक्त मार्ग पर आवागमन नहीं करने की अपील की है। साथ ही यात्रा से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी लेने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा है।