टनकपुर में 5.75 करोड़ से बना 66 बेड का महिला छात्रावास तैयार

DTN टनकपुर। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्रौद्योगिकी संस्थान, टनकपुर में 5.75 करोड़ रुपये की लागत से 66 बेड का महिला छात्रावास बनकर तैयार हो गया है। छात्रावास के निर्माण से सुदूर और ग्रामीण क्षेत्रों से तकनीकी शिक्षा के लिए संस्थान आने वाली छात्राओं को परिसर में ही सुरक्षित और सुविधायुक्त आवासीय सुविधा मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में तैयार इस छात्रावास को तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब तक आवासीय सुविधा के अभाव में दूर-दराज से आने वाली छात्राओं को पढ़ाई के दौरान रहने की व्यवस्था को लेकर दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। छात्रावास शुरू होने के बाद उन्हें परिसर के भीतर ही स्वच्छ, सुरक्षित और पढ़ाई के अनुकूल वातावरण उपलब्ध होगा।

छात्रावास की सुविधा से सीमांत क्षेत्र की बेटियों को तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा हासिल करने में सहूलियत मिलेगी। साथ ही यह महिला सशक्तीकरण और कन्या शिक्षा को बढ़ावा देने में भी मददगार साबित होगा।