DTN पिथौरागढ़। लक्ष्मण सिंह महर परिसर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 29 सितंबर को होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए परिसर प्रशासन व पुलिस ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मतदान सुबह 9:30 से दोपहर 1:30 बजे तक होगा।

परिसर चुनाव प्रभारी एवं अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. डीके उपाध्याय ने परिसर निदेशक डॉ. हेमचंद्र पांडेय की मौजूदगी में मतदान कर्मियों को निर्वाचन संबंधी निर्देश दिए। मतदान स्थल में प्रवेश के लिए वैध आई-कार्ड और फीस रसीद अनिवार्य की गई है। जिन छात्रों के आई-कार्ड नहीं बने हैं, उन्हें फीस रसीद के साथ फोटोयुक्त वैध पहचान पत्र लाना होगा।
मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। प्रत्याशी और मतदाता मतदान स्थल पर किसी भी प्रकार का प्रचार-प्रसार या मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास नहीं कर सकेंगे। चाकलेट आदि बांटने पर भी रोक रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
चुनाव के दौरान मतदान स्थल और परिसर के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात रहेगी। अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन परिसर के साथ समन्वय करेगा।
परिसर प्रशासन ने छात्र-छात्राओं से शांतिपूर्वक मतदान करने, नारेबाजी व विवाद से बचने और निर्वाचन संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की है। डॉ. उपाध्याय ने मतदान कर्मियों को निष्पक्षता के साथ निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने के निर्देश दिए।
