DTN पिथौरागढ़। जनपद के विकासखंड पिथौरागढ़ में आज ‘विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने दर्जा राज्य मंत्री गणेश भण्डारी, ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी गोस्वामी और विधायक प्रतिनिधि संतोष गोस्वामी की मौजूदगी में किया।

दर्जा राज्य मंत्री गणेश भण्डारी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, आजीविका और विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार योजनाएं संचालित कर रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ उठाकर गांवों के विकास में भागीदारी निभाने की अपील की।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने बताया कि नई योजना के तहत पात्र परिवारों को अब 100 के बजाय 125 दिन रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत कार्यरत श्रमिकों को भी बिना किसी बाधा के रोजगार मिलता रहेगा। जनप्रतिनिधियों से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी आग्रह किया।
जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी ने मिशन की कार्यप्रणाली और लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संबोधन का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया।
इस दौरान मनरेगा में 100 कार्य दिवस पूरे करने वाली आठ महिला श्रमिकों को सम्मानित किया गया। साथ ही ग्राम पंचायत लेलू और चैसर में मिशन के तहत विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
