टनकपुर में भागवत कथा में पहुंचे सीएम धामी, बोले- धार्मिक आयोजन नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ते हैं

DTN टनकपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज टनकपुर पहुंचे। स्पोर्ट्स हॉस्टल में उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित मुख्य सेवक संवाद कार्यक्रम में आमजन से सीधा संवाद किया।

मुख्यमंत्री नवयुवक रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित दशहरा महोत्सव में भी शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक छोलिया नृत्य के साथ स्थानीय लोगों और कमेटी पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण किया। इस दौरान बाबा नीम करौली महाराज पर आधारित भक्ति संगीत की प्रस्तुति भी हुई। बालिकाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन अपने आप में दिव्य होता है। मां पूर्णागिरि और मां शारदा की पावन धरती पर ऐसे धार्मिक आयोजनों का महत्व और बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक परंपराएं और उत्सव समाज को एक सूत्र में जोड़ने के साथ नई पीढ़ी को संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक विरासत से परिचित कराते हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।