आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के लिए सुनहरा मौका: सुपरवाइजर के 31 पदों पर भर्ती शुरू, 25 नवंबर तक कर सकेंगी आवेदन

DTN देहरादून। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग उत्तराखंड ने राज्य में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को आगे बढ़ने का शानदार अवसर प्रदान किया है। विभाग द्वारा भर्ती वर्ष 2026-27 के अंतर्गत सुपरवाइजर (समूह ‘ग’) के 31 रिक्त पदों पर चयन के लिए विज्ञप्ति जारी की गई है। इन पदों पर केवल वे ही कार्यकत्रियां आवेदन कर सकती हैं जो वर्तमान में उत्तराखंड में कार्यरत हैं और विभाग द्वारा निर्धारित की गई सभी अर्हताएं पूरी करती हैं।

पदों के आरक्षण विवरण के अनुसार, कुल 31 रिक्त पदों में से 17 पद अनारक्षित वर्ग के लिए रखे गए हैं। इसके अलावा, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 07, अनुसूचित जाति (SC) के लिए 04 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए 03 पद आरक्षित किए गए हैं, जबकि अनुसूचित जनजाति के लिए कोई पद रिक्त नहीं है। क्षैतिज आरक्षण के तहत उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलनकारी या उनके आश्रितों के लिए अनारक्षित श्रेणी में 02 तथा ओबीसी श्रेणी में 01 पद आरक्षित किया गया है। इस पद पर चयनित उम्मीदवारों को लेवल 05 के तहत 29,200 से 92,300 रुपये का आकर्षक वेतनमान दिया जाएगा।

आवेदन करने के लिए कुछ अनिवार्य योग्यताएं भी तय की गई हैं, जिसके तहत कार्यकत्रियों की शैक्षिक योग्यता किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक या उसके समकक्ष होनी चाहिए। आयु सीमा की बात करें तो 01 जुलाई 2026 को आवेदिका की न्यूनतम आयु 31 वर्ष और अधिकतम 59 वर्ष होनी चाहिए। इसके साथ ही, चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए कार्यकत्री को 01 जुलाई 2026 तक आंगनबाड़ी कार्यकत्री के मानदेय पद पर 10 वर्ष की निरंतर और संतोषजनक सेवा पूरी करना अनिवार्य है।

पात्र कार्यकत्रियां अपनी डिजिटल पत्रावली विभागीय वेबसाइट https://wecdukschemes.in पर जाकर अपडेट कर सकती हैं। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आज  से शुरू हो गई है और आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 नवंबर 2026 की शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है।