मेडिकल कॉलेज के निर्माण में गुणवत्ता पर जोर, पैतृक गांव हड़खोला पहुंचकर हरि चंद देवता के मंदिर में की पूजा-अर्चना
DTN पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज पिथौरागढ़ को 284.07 करोड़ रुपये की लागत के 67 विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने 105.30 करोड़ रुपये के 33 कार्यों का लोकार्पण और 178.76 करोड़ रुपये के 34 कार्यों का शिलान्यास किया। साथ ही सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और धार्मिक स्थलों से जुड़ी नौ घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने चंडाक स्थित बाबू जगजीवन राम राजकीय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद वह अपने पैतृक गांव हड़खोला पहुंचे, जहां परिवार के साथ हरि चंद देवता मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

पिथौरागढ़ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने उद्योग, कृषि, उद्यान, पशुपालन और मत्स्य विभाग की योजनाओं के तहत लाभार्थियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि के चेक भी वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी जनसमूह के साथ सुना। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जनभागीदारी, सकारात्मकता और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करता है।
आदि कैलाश यात्रा से बढ़ रहे रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदि कैलाश यात्रा के प्रति श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है। इस वर्ष यात्रियों की संख्या एक लाख से अधिक पहुंचने की संभावना है। यात्रा से सीमांत क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। होमस्टे और पर्यटन से जुड़े कारोबार बढ़ने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ में 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से मेडिकल कॉलेज का संचालन शुरू हो चुका है। इससे सीमांत क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अवसर उपलब्ध होंगे। पिथौरागढ़ हवाई अड्डे को सुदृढ़ करने के लिए करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से काम शुरू किए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हवाई संपर्क और सड़क सुविधाओं का विस्तार क्षेत्र के विकास को नई गति देगा।
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़-बांस-आंवला घाट सड़क और पुल का जिक्र करते हुए कहा कि इससे पिथौरागढ़ और गंगोलीहाट के बीच दूरी कम होगी तथा हाट कालिका मंदिर तक पहुंचना भी आसान होगा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि सड़क संपर्क बेहतर होने से गुंजी और आदि कैलाश तक पहुंचना पहले की तुलना में सुगम हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से यह क्षेत्र धार्मिक आस्था के साथ साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है।

मेडिकल कॉलेज के निर्माण में गुणवत्ता पर जोर
मुख्यमंत्री ने चंडाक स्थित बाबू जगजीवन राम राजकीय मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और शेष कार्य जल्द पूरे किए जाएं।
इस दौरान उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच के विद्यार्थियों से मुलाकात कर पढ़ाई और शैक्षणिक अनुभवों के बारे में जानकारी ली। फैकल्टी से भी संवाद कर उनके सुझाव जाने। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज के संचालन से पिथौरागढ़ सहित आसपास के सीमांत क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी। स्थानीय स्तर पर चिकित्सा शिक्षा के अवसर मिलने से पर्वतीय क्षेत्र के युवाओं को लाभ मिलेगा और भविष्य में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एके सिंह ने मुख्यमंत्री को संस्थान से संबंधित जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मरीजों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ में सीमांत सेवा फाउंडेशन की ओर से संचालित सीमांत नेत्र चिकित्सालय में ऑप्टिकल बायोमीटर का शुभारंभ किया। इस उपकरण से नेत्र चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
रोजगार और महिला सशक्तीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उनके अनुसार, भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक नकल माफिया जेल भेजे गए हैं और 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य में कठोर भू-कानून लागू करने के साथ महिला सशक्तीकरण, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर भी ध्यान दिया जा रहा है। लखपति दीदी योजना, समान नागरिक संहिता और दंगा विरोधी कानून का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश की पहचान, महिलाओं के अधिकारों और नागरिकों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान एवं कल्याण को सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने जनपदवासियों को दीपावली, भैयादूज, गोवर्धन पूजा, जौलजीबी मेले और आठ गांव शिलिंग मेले की शुभकामनाएं भी दीं।
पिथौरागढ़ के लिए ये नौ घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने जनपद के विकास के लिए नौ घोषणाएं कीं। इनमें नैनी सैनी देवत से कनारी पाभैं तक मोटर मार्ग का सुधारीकरण और डामरीकरण, कैलीगाड़ पुल से बेस अस्पताल तक सड़क का सुधारीकरण व हॉटमिक्स कार्य तथा डीडीहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय बनाने की घोषणा शामिल है।
इसके अलावा मवानी अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उच्चीकृत करने, राजकीय महाविद्यालय मूनाकोट (रियांसी) को स्वीकृति देने, अस्कोट लिफ्ट पेयजल योजना का कार्य कराने, ज्याला मंदिर छाना पांडेय में सीसी मार्ग बनाने, ग्राम चिमुशी में गाड़ देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण करने तथा चंडाक-छेड़ा-दिगतोली सड़क के सुधारीकरण और चौड़ीकरण की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यों से जनपद में सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाओं, उच्च शिक्षा, पेयजल और धार्मिक स्थलों से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

पैतृक गांव हड़खोला में की पूजा-अर्चना
जनपद भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री अपने पैतृक गांव हड़खोला पहुंचे। उनकी पत्नी गीता धामी भी साथ रहीं। गांव पहुंचने पर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ श्री हरि चंद देवता मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान पुलिस की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने गांव के बच्चों, बुजुर्गों और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। ग्रामीणों से बातचीत के दौरान उन्होंने क्षेत्र की परिस्थितियों और लोगों की समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री के पैतृक गांव पहुंचने पर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रमों में विधायक गंगोलीहाट फकीर राम टम्टा, विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, पिथौरागढ़ की मेयर कल्पना देवलाल, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी और हेमराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, जिलाधिकारी आशीष भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। हड़खोला में ब्लॉक प्रमुख डीडीहाट गुड्डू धामी और उपजिलाधिकारी खुशबू पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
