DTN पिथौरागढ़। जिले में दो नाबालिग बच्चियों के शारीरिक शोषण और उन्हें अनैतिक देह व्यापार के दलदल में धकेलने के एक बड़े मामले का पर्दाफाश हुआ है। मामले में तुरंत एक्शन लेते हुए पुलिस ने एक आरोपी महिला को चंपावत से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस गिरोह में शामिल बाकी लोगों को तलाश रही है।

पुलिस के मुताबिक, पिथौरागढ़ इलाके की रहने वाली दो नाबालिग बच्चियों के साथ इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया जाना था। मामला सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। तुरंत पिथौरागढ़ कोतवाली में पॉक्सो एक्ट और नए कानून (बीएनएस) की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
एसपी के निर्देश पर बनी खास टीम ने की खोजबीन मामला छोटे बच्चों से जुड़ा और बेहद गंभीर था, इसलिए एसपी (पुलिस अधीक्षक) ने तुरंत एक खास टीम बनाई। कोतवाली प्रभारी ललित मोहन जोशी की अगुवाई में बनी इस टीम में एसएसआई ललित मोहन रावल और सब-इंस्पेक्टर प्रियंका मौनी शामिल थीं।
टीम ने तुरंत छानबीन शुरू की और मुखबिरों की मदद से आरोपी महिला का पता लगा लिया। इसके बाद पुलिस ने ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर (शिवपुरम कॉलोनी) की रहने वाली 28 साल की पूजा को चंपावत से धर दबोचा।
बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी पुलिस ने बताया कि पकड़ी गई महिला को कोर्ट में पेश किया जा रहा है। पूछताछ में इस मामले से जुड़े कुछ और लोगों के नाम भी सामने आए हैं। उन फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपी भी सलाखों के पीछे होंगे।
