अस्पताल की व्यवस्थाएं परखने पहुंचे डीएम, मरीजों से पूछी इलाज की हकीकत

DTN पिथौरागढ़। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के लिए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज देर शाम औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी सेवाओं से लेकर विभिन्न वार्डों तक व्यवस्थाओं का जायजा लिया और भर्ती मरीजों व तीमारदारों से सीधे बातचीत कर उपचार की स्थिति जानी।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इमरजेंसी वार्ड सहित अन्य वार्डों में भर्ती मरीजों से चिकित्सकों की उपलब्धता, उपचार, दवाइयों और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मरीजों और तीमारदारों से स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लेते हुए उनकी समस्याएं और शिकायतें भी सुनीं।

डीएम ने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा संसाधनों, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल पहुंचने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलना सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से इमरजेंसी सेवाओं में तत्परता बरतने के साथ चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मरीजों के उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें उदासीनता बरतने वालों के प्रति सख्त रुख अपनाया जाएगा।