कुलागाड़ बैली ब्रिज निर्माण में तेजी के निर्देश, एडीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

DTN धारचूला। कुलागाड़ में बैली ब्रिज निर्माण कार्य को गति देने के लिए प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने आज कुलागाड़ पहुंचकर बैली ब्रिज निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बीआरओ के अधिकारियों को ब्रिज निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि जल्द से जल्द यातायात व्यवस्था बहाल की जा सके।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि कुलागाड़ का यह मार्ग स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटन की दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है। आदि कैलाश यात्रा के मद्देनजर पुल का निर्माण और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। उन्होंने बीआरओ अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों की जरूरतों और पर्यटन गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की देरी न हो।

उन्होंने सेना के सहयोग से अस्थायी रूप से बनाए गए पैदल मार्ग का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि पैदल यात्रियों का आवागमन सुरक्षित तरीके से कराया जाए। इसके लिए अस्थायी पुल पर संबंधित कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

एडीएम ने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को नदी में जमा अतिरिक्त मलबे को भी जल्द हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभागीय लापरवाही सामने आने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन जनता की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर है। स्थानीय लोग किसी भी समस्या की जानकारी प्रशासन को दें, ताकि उसका जल्द समाधान कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।