मां धारी देवी मंदिर के पास बनेगी दो मंजिला पार्किंग, 100 वाहनों को मिलेगी जगह

DTN श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। पौड़ी जिले के प्रसिद्ध मां धारी देवी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही पार्किंग की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। मंदिर के समीप दो मंजिला आधुनिक पार्किंग विकसित करने की योजना पर शासन स्तर से कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसके लिए 0.14 हेक्टेयर भूमि चिह्नित कर भू-सर्वेक्षण भी पूरा कर लिया गया है। प्रस्तावित पार्किंग में करीब 100 वाहनों को खड़ा करने की क्षमता होगी। इससे खासकर चारधाम यात्रा के दौरान मंदिर क्षेत्र में लगने वाले जाम और बेतरतीब पार्किंग की समस्या कम होने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत प्रस्तावित इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देशन में प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं आगे बढ़ाई जा रही हैं। जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी की ओर से ग्राम कलियासौड़, तहसील श्रीनगर में पार्किंग के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित की गई है।

प्रस्तावित स्थल ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के बाईं ओर श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के जलाशय की डाउन साइड टर्निंग साइट के समीप स्थित है। करीब 20 मीटर चौड़े और 70 मीटर लंबे क्षेत्र में दो मंजिला पार्किंग विकसित करने की योजना है। जीआईएस तकनीक से कराए गए भू-सर्वेक्षण में निर्धारित शर्तों के अधीन भूमि को निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया है।

एनओसी मिलने के बाद होगा भूमि हस्तांतरण

परियोजना के निर्माण में अभी भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया महत्वपूर्ण है। अभिलेखों में चिह्नित भूमि श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के नाम दर्ज है, जिसका प्रबंधन वर्तमान में अलकनंदा हाइड्रो पावर कंपनी लिमिटेड कर रही है। ऐसे में भूमि हस्तांतरण से पहले संबंधित कंपनी से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) लेना आवश्यक होगा। इसके बाद भूमि जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी के पक्ष में हस्तांतरित की जाएगी।

कार्यदायी संस्था के चयन की तैयारी

पार्किंग निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था नामित करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। इसके लिए जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पौड़ी ने सचिव आवास को पत्र भेजा है। संस्था का चयन होने के बाद पार्किंग का आर्किटेक्चरल डिजाइन तैयार कराया जाएगा। इसके बाद मान्यता प्राप्त स्ट्रक्चरल इंजीनियर से संरचनात्मक डिजाइन बनवाया जाएगा, ताकि निर्माण में मजबूती और सुरक्षा के तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित हो सके।

चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ मार्ग पर स्थित मां धारी देवी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। वाहनों की बढ़ती आवाजाही के चलते मंदिर के आसपास पार्किंग की समस्या भी सामने आती है। ऐसे में प्रस्तावित दो मंजिला पार्किंग योजना पूरी होने पर श्रद्धालुओं को व्यवस्थित पार्किंग सुविधा मिलने के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।