पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा और पौड़ी गढ़वाल में भारी वर्षा के मद्देनजर स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित

पिथौरागढ़। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा  06 अगस्त को जनपद पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल, और उधमसिंह नगर सहित राज्य के अनेक क्षेत्रों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। इस दृष्टिगत मौसम विभाग द्वारा रेड अलर्ट जारी किया गया है।

जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने आपदा प्रबंधन कोर कमेटी में फैसला लेते हुए 06 अगस्त को समस्त स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश की घोषणा की है। जिलाधिकारी ने कहा कि संभावित आपदा जोखिमों जैसे भूस्खलन, सड़क अवरोध, जलभराव एवं नदी-नालों में तेज बहाव को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा हेतु यह निर्णय लिया गया है।

उक्त के क्रम में जनपद में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालय (कक्षा 1 से 12 तक) एवं सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में दिनांक 06 अगस्त (बुधवार) को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया है कि संबंधित शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अधिकारी आपदा की स्थिति में अपने-अपने कार्यालयों में आवश्यकतानुसार उपस्थित रहें एवं समन्वय बनाए रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

आपदा की स्थिति में संपर्क करने के लिए निम्नलिखित कंट्रोल रूम नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है:

05964226326
8449305857