पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज पिथौरागढ़ जिले में भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदी के संगम पर आयोजित होने वाले सदियों पुराने और ऐतिहासिक जौलजीबी मेला का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मेले को भारत और नेपाल की सांस्कृतिक, आर्थिक और पारंपरिक मित्रता का प्रतीक बताते हुए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जौलजीबी मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भारत और नेपाल की पारंपरिक मित्रता और आर्थिक-सामाजिक एकरूपता का प्रतिबिंब है। उन्होंने याद किया कि वह स्वयं भी बचपन में इस मेले में आया करते थे। उन्होंने जोर दिया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत-नेपाल की मित्रता और अधिक सुदृढ़ हुई है।
प्रमुख विकास कार्यों की घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक अवसर पर क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं कीं। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
👉 मुनस्यारी के अंतर्गत ग्राम हूपली में झलूड़ी से पल्याती तक मार्ग निर्माण।
👉 बगीचा से धारचूला कोट ट्रैकिंग मार्ग और मेला स्थल का विकास कार्य।
👉 ग्राम पय्या पौड़ी से नालालेख शिव मंदिर तक ट्रैक रूट का निर्माण।
👉 मुनस्यारी के कालापानी से दशरथ पर्वत कुण्ड तक संपर्क मार्ग का निर्माण।
👉 मुनस्यारी के अंतर्गत ग्राम सुरिंग में आंतरिक सी०सी० मार्ग का निर्माण।
👉 सिमगड़ नदी भैंसकोट में आर०सी०सी० पुलिया एवं संपर्क मार्ग का निर्माण।
👉 धारचूला में सैनिक विश्राम भवन का निर्माण।
पिथौरागढ़ के विकास को गिनाया
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पिथौरागढ़ जनपद के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
मेडिकल कॉलेज: पिथौरागढ़ में साढ़े सात सौ करोड़ रूपए से अधिक की लागत से मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है।
स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर: 34 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से स्पोर्ट्स कॉलेज में आधुनिक मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण किया गया है, और विकासखंड बेरीनाग में लगभग 28 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य स्टेडियम का निर्माण शीघ्र शुरू होगा।
स्वास्थ्य: पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से 50-बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का भी निर्माण कराया जा रहा है।
कनेक्टिविटी:
👉 प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 327 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से विभिन्न सड़कों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
👉 नैनी सैनी एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का कार्य तेज गति से चल रहा है, जिसके लिए 450 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी जारी है।
युवा और रोजगार पर फोकस
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार रोजगार और स्वरोजगार के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकारी भर्तियां पूरी पारदर्शिता के साथ हो रहीं हैं, जिससे युवा प्रतिभा और परिश्रम के आधार पर सरकारी नौकरियाँ प्राप्त कर रहे हैं।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एकता पद यात्रा में भी हिस्सा लिया। इस अवसर पर विधायक धारचूला हरीश धामी, विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, जिलाधिकारी आशीष भटगांई, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, महापौर नगर निगम पिथौरागढ़ कलपना देवलाल,भाजपा जिला अध्यक्ष गिरीश जोशी, अस्कोट पाल वंशक के भानु प्रताप, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, दर्जा राज्य मंत्री अशोक सिंह नबियाल, दर्जा राज्य मंत्री हेमराज बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी डॉ दीपक सैनी, एसडीएम सदर मंजीत सिंह, एसडीएम धारचूला जितेंद्र वर्मा, बिग्रेडियर पठानिया, ब्लॉक प्रमुख मंजुला बुदियाल, नगर पालिका अध्यक्ष धारचूला शशि थापा, सांसद प्रतिनिधि महेंद्र बुदियाल समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

