पिथौरागढ़। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित 49 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 30 शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनसुनवाई के दौरान पेयजल, सड़क निर्माण एवं डामरीकरण, विद्युत, स्वास्थ्य, क्लॉक टावर की मरम्मत, नगर क्षेत्र में शौचालयों की सफाई, पेयजल लाइन, मानदेय भुगतान और मलबा निस्तारण सहित विभिन्न विषयों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं।
आठगांव (पोस्ट शिलिंग) निवासी बसंत राम ने बताया कि वे गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे हैं और दिव्यांग हैं। उनके नाम विद्युत संयोजन संख्या पीटी21722016659 के अंतर्गत 21,713 रुपये का बिल आया है, जिसका भुगतान करने में वे असमर्थ हैं। इस पर डॉ. सैनी ने विद्युत विभाग से जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
टुंडी-बारमौ क्षेत्र के ग्रामीणों ने बारमौ से टुंडी सड़क के डामरीकरण की मांग उठाई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
पंप चालकों ने अवगत कराया कि ड्न्डोखोला पेयजल योजना के अंतर्गत वे 1 जनवरी 2025 से पंप संचालन और जल वितरण का कार्य कर रहे हैं, लेकिन 13 माह बीतने के बाद भी उन्हें मानदेय नहीं मिला है। इस पर जल संस्थान के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान दिनेश सिंह बिष्ट ने नैनीसैनी-कुमडार मोटर मार्ग की क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार के निर्माण कार्य शुरू कराने पर जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया।
जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
