नानी के गहनों पर नातिनी ने ही मारा हाथ, प्रेमी संग मिलकर रची चोरी की साजिश

पिथौरागढ़। थाना जाजरदेवल क्षेत्र के बीसाबजेड़ में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला के घर से सोने के जेवर चोरी होने की घटना में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि महिला की अपनी नातिनी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी।

पीड़िता ने 28 अप्रैल को थाना जाजरदेवल में तहरीर देकर बताया कि उनकी अलमारी से मंगलसूत्र, झुमके, नथ और मांग टीका गायब हो गए हैं। घटना के बाद संदेह परिवार के ही सदस्य पर गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो शक सही निकला।

थाना प्रभारी मनोज पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर अंजलि को सातसिलिंग क्षेत्र के पास से पकड़ लिया। सख्ती से पूछताछ में उसने चोरी की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि अपने प्रेमी अमित बोरा निवासी श्रीपुर बिछुवा, खटीमा के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। दोनों पिछले करीब एक वर्ष से एक-दूसरे को जानते थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों ने चोरी किए गए जेवरात को बेचकर एक सेकेंड हैंड अल्टो कार खरीद ली थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार भी बरामद कर ली है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर धाराओं में बढ़ोतरी भी की गई है।

इस कार्रवाई में उ.नि. सुप्रिया नेगी, उ.नि. महावीर सिंह, का. होशियार सिंह, महिला कांस्टेबल तनुजा कुमारी और हे. का. जरनैल सिंह शामिल रहे।