डीएम के निर्देश पर निजी पैथोलॉजी लैबों में छापा, मानकों की जांच

DTN बागेश्वर। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे के निर्देश पर आज जनपद की विभिन्न निजी पैथोलॉजी प्रयोगशालाओं में सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत मूल नारायण पैथोलॉजी एवं नीलकंठ पैथोलॉजी लैब का औचक निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली और शासन द्वारा निर्धारित मानकों की गहन जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान एसीएमओ डॉ. अमित मिश्रा ने लैब के पंजीकरण संबंधी अभिलेख, साफ-सफाई व्यवस्था, बायो-मेडिकल वेस्ट निस्तारण प्रणाली, जांच उपकरणों की गुणवत्ता सहित अन्य आवश्यक मानकों का परीक्षण किया। उन्होंने लैब संचालकों को सभी व्यवस्थाएं तय मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए।

एसीएमओ डॉ. अमित मिश्रा ने कहा कि आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पैथोलॉजी लैब में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।