DTN पिथौरागढ़। जनसुनवाई दिवस के तहत जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने आमजन की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता के साथ सुना। जिले के दूरस्थ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, पेयजल, शिक्षा, विद्युत, राजस्व, वन, पेंशन, रोजगार, सुरक्षा और विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

जनसुनवाई के दौरान 60 से अधिक प्रकरण सामने आए। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनसुनवाई में अनुसूचित जाति परिवारों के पारस्परिक मार्ग अवरुद्ध होने, पारिवारिक पेंशन स्वीकृति, ध्वनि प्रदूषण तथा ग्रामीण मार्ग निर्माण से जुड़े मामले प्रमुखता से उठे। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को स्थलीय निरीक्षण कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा सड़क निर्माण, मोटर मार्ग डामरीकरण, सड़क चौड़ीकरण, पुल निर्माण, सिंचाई नहर संचालन, पेयजल योजनाओं की व्यवस्था, विद्यालय भवनों की मरम्मत, विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति, मोबाइल टॉवर स्थापना, खेल मैदान निर्माण और पोल लाइट लगाने की मांगें भी लोगों ने उठाईं।
जनसुनवाई में अवैध वृक्ष कटान की जांच, राशन कार्ड सत्यापन तिथि बढ़ाने, निराश्रित गोवंश संरक्षण, आय प्रमाण पत्र निर्गत करने, खाद्यान्न आपूर्ति, किरायेदारी विवाद, भू-संबंधी शिकायतें, एफआईआर दर्ज कराने, वन पंचायतों को उपकरण उपलब्ध कराने और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा कार्यों से जुड़े मामले भी पहुंचे।
कृष्णापुरी टनकपुर रोड क्षेत्र के निवासियों ने नाली क्षतिग्रस्त होने, लंबे समय से सफाई नहीं होने, दुर्गंध फैलने और पेयजल आपूर्ति बाधित रहने की शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सहायक नगर आयुक्त को तत्काल मौके का निरीक्षण कर नाली की सफाई एवं मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू कराने तथा पेयजल व्यवस्था सुचारु कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की प्रगति की नियमित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, उप प्रभागीय वनाधिकारी राजकुमार, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
