12 दिन रहेगी बिजली कटौती, 14 जून तक रोजाना पांच घंटे बाधित रहेगी आपूर्ति

पुनेड़ी फीडर के लाइन सुधार कार्य के चलते कई मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों पर पड़ेगा असर

DTN पिथौरागढ़। शहर और आसपास के कई क्षेत्रों के बिजली उपभोक्ताओं को आगामी 12 दिनों तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के विद्युत वितरण खंड पिथौरागढ़ ने सूचना जारी कर बताया है कि 11 केवी पुनेड़ी फीडर में लाइन सुधार कार्य किए जाने के कारण 2 जून से 14 जून तक विद्युत आपूर्ति प्रभावित रहेगी।

विभाग के अनुसार वर्तमान में फीडर पर लगे एसीएसआर रैबिट कंडक्टर को अधिक सुरक्षित एवं आधुनिक एएएसी इंसुलेटेड कवर कंडक्टर से बदला जा रहा है। इस तकनीकी कार्य को पूरा करने के लिए संबंधित फीडर से जुड़े क्षेत्रों में निर्धारित समय पर शटडाउन लिया जाएगा।

जारी सूचना के मुताबिक 11 केवी पुनेड़ी फीडर से पोषित धनोड़ा, बस्ते, आईटीआई क्षेत्र, रई पटवारी चौकी, शिव विहार कॉलोनी, लिन्ठ्यूड़ा तथा पुनेड़ी क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति 2 जून से 14 जून तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक पूर्ण रूप से अथवा आंशिक रूप से बाधित रहेगी। ऐसे में उपभोक्ताओं को रोजाना लगभग पांच घंटे बिजली कटौती झेलनी पड़ सकती है।

गर्मी के मौसम में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहने से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ दुकानदारों, विद्यार्थियों और छोटे कारोबारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। विभाग ने उपभोक्ताओं को सलाह दी है कि वे बिजली से जुड़े आवश्यक कार्य निर्धारित समय से पहले पूरा कर लें तथा वैकल्पिक व्यवस्था भी बनाए रखें।

यूपीसीएल के अधिकारियों का कहना है कि यह कार्य विद्युत व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुचारु और विश्वसनीय बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्य पूरा होने के बाद फीडर से जुड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होने के साथ ही तकनीकी खराबियों में भी कमी आएगी।