DTN पिथौरागढ़। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) के मार्गदर्शन एवं पिथौरागढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित मीडियम पेसर टैलेंट हंट प्रोग्राम-2026 में जिले के युवा तेज गेंदबाजों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। सुरेंद्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी गति, नियंत्रण और क्षमता से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।

पिथौरागढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव उमेश चंद्र जोशी ने बताया कि सीएयू द्वारा शुरू की गई इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि मीडियम पेसर टैलेंट हंट प्रोग्राम वर्ष 2026 में राज्य के सभी 13 जनपदों में आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत 19 वर्ष से अधिक आयु के तेज गेंदबाजों की प्रतिभा का आकलन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनपद स्तर पर चयनित खिलाड़ियों के लिए शीघ्र ही राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां उन्हें विशेषज्ञ कोचों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय क्रिकेटर उन्मुक्त चंद के पिता भरत चंद, पूर्व प्रधानाचार्य एन.एस. बिष्ट, मुख्य चयनकर्ता एवं रणजी खिलाड़ी धनराज शर्मा, पिथौरागढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश जोशी, भूपाल सिंह चुफाल, दिनेश भट्ट, कोच प्रशांत भैसोड़ा , कार्तिक परिहार, मनोज कुमार, मयंक टम्टा, गौरव जोशी एवं दिव्यांश पंत सहित अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में खिलाड़ियों के पंजीकरण की जिम्मेदारी मनोज कुमार ने निभाई। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
