DTN देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में धार्मिक पर्यटन, आधारभूत सुविधाओं तथा जनहित से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं के लिए करोड़ों रुपये की वित्तीय स्वीकृतियों को मंजूरी प्रदान की है। इससे चम्पावत, पौड़ी और उत्तरकाशी जनपदों में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र चम्पावत में पूर्णागिरि मेले की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सेलागांव में बहुउद्देशीय प्रशासनिक भवन निर्माण के लिए 8.54 करोड़ रुपये की लागत के सापेक्ष 4 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है। इसके अलावा मानस मंदिर माला मिशन के अंतर्गत श्री हनुमानगढ़ी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 4.91 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
पर्यटन सुविधाओं के विकास के तहत जनपद पौड़ी स्थित पर्यटक आवास गृह खिर्सू के नवीनीकरण एवं उच्चीकरण के लिए 4.01 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं जनपद उत्तरकाशी के पुरोला विधानसभा क्षेत्र में न्याय पंचायत मुख्यालय जखोली/फिताड़ी स्थित श्री सोमेश्वर महादेव मंदिर परिसर के समतलीकरण एवं सौंदर्यीकरण हेतु 1.09 करोड़ रुपये तथा विकासखंड नौगांव स्थित रंवाई घाटी के आराध्य देव श्री रुद्रेश्वर महाराज मंदिर, बिल्ला नौगांव के सौंदर्यीकरण के लिए 1.07 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिला कारागार पौड़ी में नवीन आवासीय भवन निर्माण के लिए 9.25 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत किए जाने का भी अनुमोदन प्रदान किया है।
राज्य सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई मजबूती मिलेगी।
