DTN देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) के माध्यम से शहरी विकास, कौशल विकास एवं सेवायोजन तथा पशुपालन विभाग में विभिन्न पदों पर चयनित 221 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ने का कार्य किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं के चेहरों पर दिख रही खुशी इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार सही दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा वर्तमान के साथ-साथ भविष्य की भी सबसे बड़ी पूंजी हैं और सरकार उन्हें रोजगार, स्वरोजगार तथा बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में नई स्टार्टअप नीति लागू की गई है, जिससे स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा मिला है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और युवा प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आर्थिक एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। सरकार के प्रयासों से युवाओं का अपने भविष्य को लेकर विश्वास मजबूत हुआ है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि एक समय ऐसा था जब युवाओं के सपनों और उनके अभिभावकों के त्याग के साथ अन्याय होता था, लेकिन अब भर्तियां रिकॉर्ड समय में पूरी की जा रही हैं। पहले युवाओं को निराशा मिलती थी, जबकि आज राज्य सरकार उन्हें नियुक्ति पत्र सौंप रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया है, जिससे भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और विश्वास बढ़ा है। साथ ही विभागों को रिक्त पदों को शीघ्र भरने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने नवचयनित अभ्यर्थियों से सरलीकरण, समाधान, निस्तारीकरण और संतुष्टि के मंत्र को अपनाते हुए आम जनता, गरीबों और जरूरतमंदों की समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ये युवा केवल सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड के विकास के सहभागी भी हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हजारों युवाओं को बिना किसी शिकायत के सरकारी नौकरियां मिली हैं। वहीं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि प्रदेश में अब बिना सिफारिश और पूरी पारदर्शिता के नियुक्तियां हो रही हैं।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काऊ, विधायक सविता कपूर, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अणथ्वाल, उपाध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी, सचिव नितेश झा, अपर सचिव सी. रविशंकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
