पिथौरागढ़ में टेरिटोरियल आर्मी भर्ती रैली का ऐलान, पूर्व सैनिकों और महिला कर्मियों के लिए सुनहरा अवसर

3 से 8 अगस्त तक देवकटिया ग्राउंड में होगी भर्ती प्रक्रिया, विभिन्न पदों पर 69 रिक्तियां भरी जाएंगी

DTN  पिथौरागढ़। 130 इन्फैंट्री बटालियन (टीए) पर्यावरण कुमाऊं द्वारा पूर्व सैनिकों एवं पूर्व महिला कर्मियों की भर्ती के लिए रैली आयोजित की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया 3 अगस्त से 8 अगस्त 2026 तक देवकटिया ग्राउंड, पिथौरागढ़ में संपन्न होगी। भर्ती रैली के माध्यम से विभिन्न श्रेणियों के कुल 69 रिक्त पदों पर चयन किया जाएगा।

भर्ती कार्यक्रम के अनुसार 3 अगस्त को अभ्यर्थियों के दस्तावेजों एवं प्रमाण पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 4 अगस्त को शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित होगी। इसके बाद 5 से 8 अगस्त तक चयनित अभ्यर्थियों का चिकित्सीय परीक्षण एवं साक्षात्कार कराया जाएगा।

भर्ती में सिपाही (सामान्य ड्यूटी) के सर्वाधिक 49 पद शामिल हैं। इसके अलावा सफाई कर्मचारी, धोबी, दर्जी, उपकरण मरम्मतकर्ता, नाई, लोहार, लिपिक, बढ़ई तथा हाउस कीपर के पदों पर भी भर्ती की जाएगी।

भर्ती के लिए पेंशनधारी पूर्व सैनिक तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय अथवा उत्तराखंड वन विभाग में न्यूनतम 20 वर्ष की सेवा दे चुकी पूर्व महिला कर्मियां पात्र होंगी। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम लंबाई 160 सेंटीमीटर तथा महिला अभ्यर्थियों के लिए 150 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों का चिकित्सा श्रेणी ‘शेप-1’ में होना तथा उनका चरित्र ‘अनुकरणीय’ अथवा ‘बहुत अच्छा’ दर्ज होना अनिवार्य होगा।

भर्ती प्राधिकरण के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को वर्ष में आठ माह तक सेवा का अवसर प्रदान किया जाएगा। सेवा अवधि के दौरान उन्हें निर्धारित वेतनमान के अनुसार वेतन एवं अन्य भत्तों का लाभ मिलेगा। हालांकि पेंशनधारी पूर्व सैनिकों एवं पूर्व महिला कर्मियों को वार्षिक वेतन वृद्धि, ग्रेच्युटी तथा पेंशन संबंधी अतिरिक्त लाभ प्रदान नहीं किए जाएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि भर्ती रैली में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर प्रातः 6 बजे आवश्यक मूल दस्तावेजों एवं प्रमाण पत्रों के साथ भर्ती स्थल पर उपस्थित होना होगा। ऑनलाइन नामांकन, पात्रता मापदंड एवं भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी www.130ta.com पर जाकर आवेदन एवं जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।