DTN पिथौरागढ़। नगर क्षेत्र के हजारों बिजली उपभोक्ताओं को अगले कुछ दिनों तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के विद्युत वितरण खंड पिथौरागढ़ ने 11 केवी विद्युत लाइन के निर्माण कार्य को लेकर शटडाउन कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत 16 जून से 25 जून तक शहर और आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित तिथियों पर बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

यूपीसीएल द्वारा जारी सूचना के अनुसार निर्माण कार्य के दौरान संबंधित क्षेत्रों में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली आपूर्ति पूर्ण रूप से अथवा आंशिक रूप से बंद रहेगी। शटडाउन के कारण ऐंचोली रोड, चन्द्रभागा, टनकपुर रोड, धारचूला रोड, ग्रिफ बैंड, रई पुलिया, बस्ते, सिलथाम, जाखनी, धुपौड़, पवन विहार, विण रोड, लिंक रोड, कोतवाली रोड, पाण्डेगांव, भाटकोट और जीआईसी क्षेत्र सहित कई इलाकों के उपभोक्ता प्रभावित होंगे।
यूपीसीएल के अनुसार पिथौरागढ़ टाउन क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को और अधिक मजबूत तथा सुचारु बनाने के उद्देश्य से 11 केवी लाइन का निर्माण कार्य किया जा रहा है। कार्य को सुरक्षित तरीके से पूरा करने के लिए संबंधित फीडरों पर निर्धारित तिथियों में शटडाउन लेना आवश्यक है। विभाग का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद उपभोक्ताओं को बेहतर और अधिक विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
यूपीसीएल ने सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि बिजली कटौती की निर्धारित अवधि को ध्यान में रखते हुए अपने आवश्यक कार्यों की पहले से योजना बना लें। साथ ही लोगों से विद्युत विभाग के कर्मचारियों को निर्माण कार्य के दौरान सहयोग देने का अनुरोध भी किया गया है।
