DTN पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मासिक स्टाफ बैठक में कानून व्यवस्था, राजस्व, न्यायिक कार्यों, विकास योजनाओं तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस विभाग की समीक्षा के दौरान अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, महिला सुरक्षा, मादक पदार्थों की रोकथाम तथा कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अभियोजन विभाग की समीक्षा में न्यायालयों में लंबित मामलों की प्रभावी पैरवी तथा गंभीर प्रकरणों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं राजस्व एवं फौजदारी वादों की समीक्षा करते हुए उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को पुराने मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने भू-अभिलेख, नामांतरण, सीमांकन एवं भूमि विवादों से जुड़े मामलों का त्वरित समाधान करने तथा अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। खनन विभाग को अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध नियमित अभियान चलाने तथा आबकारी विभाग को अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए।
जिला पूर्ति विभाग की समीक्षा के दौरान सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत पात्र लाभार्थियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने, राशन कार्डों के सत्यापन और शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा भू-अध्याप्ति, पुनर्वास, आपदा प्रभावित क्षेत्रों तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निस्तारण, परिवहन विभाग, जिला निबंधक कार्यालय, चरित्र सत्यापन, राजस्व वसूली, लंबित पेंशन प्रकरणों एवं अन्य प्रशासनिक विषयों की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं एवं जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभागाध्यक्ष नियमित मॉनिटरिंग करते हुए उत्तरदायित्व के साथ कार्य करें, ताकि आमजन को बेहतर और प्रभावी प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक में उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, तहसीलदार विजय गोस्वामी, सभी उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
